किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के युवक द्वारा दुष्कर्म का मामला
मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ कुछ दिनों पहले दूसरे समुदाय के युवक द्वारा दुष्कर्म के मामले में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। एहतियातन, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मानुष पारीक के आदेश पर एक उपनिरीक्षक एवं दो सिपाहियों को तैनात कर दिया गया है।
कुछ दिनों पहले दोपहर दो बजे घर में अकेली किशोरी को देखकर पड़ोसी दूसरे समुदाय के युवक घर में घुस गए। किशोरी के साथ दुष्कर्म किया तथा विरोध करने पर पीटा। किशोरी के चीखने पर पड़ोस के लोगों ने युवक को घर में ही पकड़कर पीटा। पुलिस के सुपुर्द कर मामला पंजीकृत कराया। अब जिसे पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया।
दूसरे पक्ष के लोगों ने की थी हिंसा की कोशिश
सोमवार को किशोरी के पिता ने थाने में एक तहरीर देकर बताया कि रविवार को उसके परिवार के लोग पुत्री को लेकर थाने गए। तभी दूसरे समुदाय के एक दर्जन लोग उसके घर पर पहुंचे। गाली-गलौज कर दरवाजा खोलने को कह रहे थे। उसकी बड़ी बेटी ने दरवाजा नहीं खोला, अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। पीड़ित पिता ने आठ लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए।
गांव में तनाव को देखते पीएसी तैनात
थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने बताया कि गांव में शांति का माहौल है। रविवार से ही सख्ती बरती जा रही है। यहां शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को एक कंपनी पीएसी तैनात कर गांव में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। संवाद