बरेली। लोक निर्माण विभाग 87 करोड़ रुपये से विभिन्न विकास कार्य कराएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है।
लोक निर्माण विभाग ने करीब डेढ़ महीने पहले 87 करोड़ के नवनिर्माण और निर्माण कार्यों के टेंडर निकाले थे। शुरुआत में प्रहरी एप के अपडेट होने के कारण टेंडर प्रक्रिया ठप रही। इसके बाद एप का सर्वर डाउन होने के कारण ठेकेदार टेंडर नहीं डाल पाए। अब एप के सर्वर की समस्या दूर हो गई है और टेंडर प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है।
पहले निर्माण खंड प्रथम ने छह सड़कों पर पैचवर्क के लिए करीब छह करोड़ रुपये के टेंडर निकाले थे। इसके बाद 30 करोड़ की लागत से 16 सड़कों के नवीनीकरण के साथ ही 5.50 करोड़ रुपये से दो पुलों के निर्माण, पांच करोड़ रुपये से नौ सड़कों की विशेष मरम्मत और 50 लाख रुपये से दो सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर निकाले गए।
प्रांतीय खंड की ओर से 10 करोड़ रुपये से 20 सड़कों की विशेष मरम्मत और 30 करोड़ रुपये से 16 सड़कों के नवनिर्माण के टेंडर न हो पाने के कारण यह सभी कार्य अटके थे। प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा करके काम शुरू कराया जाएगा।