एसएसपी ने दो मामलों में दिए तलाक की नई धारा में रिपोर्ट लिखने के आदेश
बरेली। गुरुवार को तीन तलाक से जुड़े तीन मामले खासी चर्चा में रहे। सिरौली की महिला के पक्ष में पति को फोन से बुलाने के दौरान पति ने महिला कांस्टेबल से ही कह दिया कि वह पत्नी को तलाक दे चुका है और फिर तलाक देता है। शीशगढ़ की महिला से मुकदमेबाजी कर रहे पति ने उसे सड़क पर तीन तलाक दे दिया। दोनों मामलों में एसएसपी ने तलाक की नई धारा में आरोपियों पर रिपोर्ट के आदेश दिए। तीसरा मामला महिला थाने में पेश आया। वहां काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने पति पर तीन तलाक बोलने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में पुलिस को लिखकर दे दिया कि इस विवाद में समझौते की उम्मीद है, फैसला न होने पर रिपोर्ट कराएंगे।
महिला सिपाही से बोला, मेरी बीवी से कह दो तलाक-तलाक-तलाक
एसएसपी दफ्तर आई सिरौली नई बस्ती निवासी गुलिस्ता ने बताया कि उसने अपने पति लईक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा रखा है। इसकी सुनवाई आंवला के परिवार परामर्श केंद्र में चल रही है। बुधवार को गुलिस्ता तारीख पर केंद्र में गई थी। वहां लईक नहीं आया। गुलिस्ता के मुताबिक केंद्र पर तैनात सिपाही प्रीति ने लईक को बुलाने के लिए कॉल की। तब लईक ने प्रीति से कहा कि वह पहले भी गवाहों की मौजूदगी में गुलिस्ता को तलाक दे चुका है। अब एक बार दोबारा तलाक दे रहा है। लईक ने तीन बार तलाक बोलकर कॉल कट कर दी। गुलिस्ता की शिकायत पर एसएसपी ने पति के खिलाफ रिपोर्ट के आदेश दिए।
सड़क पर जाती पत्नी को तीन तलाक बोलकर भागा पति
शीशगढ़ के शेखूपुर कस्बे की निवासी अक्सीर की शादी पांच साल पहले मोहल्ले के ही मुस्तजाब से हुई थी। कुछ समय बाद ही ससुरालियों से विवाद के बाद वो मायके आकर रहने लगी। उसने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद व गुजारा भत्ते के मामले दर्ज करा रखे हैं। एसएसपी दफ्तर आई अक्सीर ने बताया कि चार अगस्त को वह अपने बच्चे के साथ सड़क पर जा रही थी। तभी पति ने उससे बच्चे को छीनने की कोशिश की। मारपीट करने लगा और फिर तीन बार तलाक कहकर फरार हो गया। अक्सीर की शिकायत पर भी रिपोर्ट के आदेश हुए हैं।
महिला थाने में बीवी को दिया तीन तलाक!
बिहारीपुर निवासी चांद बी की शादी किला के स्वालेनगर निवासी राशिद से हुई है। राशिद पैर से दिव्यांग है और दुकान पर इलेक्ट्रिशियन के तौर पर काम करता है। बताते हैं कि गुरुवार सुबह किसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ और राशिद ने पत्नी को तलाक दे दिया। चांद बी अपने परिवार के लोगों के साथ महिला थाने आई। उसने पति के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने पति को भी बुला लिया। यहां काउंसलिंग की जा रही थी। चांद बी ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान पति ने पुलिस की मौजूदगी में उसे तीन तलाक दे दिया। चांद बी के इस तरह के आरोप से थाने में खासा हड़कंप मच गया। मीडिया के लोग भी वहां पहुंच गए। यहां चांद बी ने आरोप लगाया कि वह अनपढ़ है, पति उसे बात-बात पर जलील करता है। थाने में भी उसे तीन तलाक दे दिया। वहीं, राशिद का कहना था कि उसने घर पर तलाक जरूर कहा था पर थाने में ऐसा नहीं कहा। बताया कि पत्नी को घड़ी भी देखना नहीं आती। इससे खाने जैसे जरूरी काम बी समय पर नहीं होते। इस पर वो गुस्सा था तो मुंह से तलाक निकल गया। अब गलती मान रहा है। दोनों पक्ष के रिश्तेदार तहरीर लिखाने के बहाने दोनों को थाने से बाहर ले गए और घंटे भर बाद समझौता पत्र थाना प्रभारी लोकेश को दे दिया। इसमें लिखा था कि पारिवारिक विवाद में समझौते के आसार हैं, नहीं हुआ तो रिपोर्ट कराएंगे। तब पुलिस ने दोनों पक्ष घर भेज दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि थाने में तीन तलाक नहीं दिया गया। अगर दंपती का विवाद नहीं सुलझा तो वह महिला की तहरीर लेकर रिपोर्ट लिखेेंगी।