बरेली। राज्यसभा में तीन तलाक बिल पास होने के बाद कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने अपने दिल्ली निवास पर एक चैनल का लाइव शो के दौरान मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी की ओर से दिए गए बयान का वीडियो ट्वीटर पर डाला है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी ट्वीट किया है। कानून मंत्री ने लिखा है- ‘मुस्लिम समाज की इस बेटी ने तीन तलाक की कुरीति से मुक्ति दिलाने के लिए हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का आभार प्रकट किया है। जरा सुनिए तीन तलाक का दर्द, इनके मुंह से’। साथ ही उन्हें बधाई भी दी है। 53 सेकेंड के इस वीडियो में फरहत नकवी ने कहा है कि निकाह के वक्त विटनेस होती है, निकाह पढ़ाने वाले मौलवी होते हैं और निकाह की रकम तय होती है। रिश्ता बनते वक्त सब कुछ और जब बीवी से रिश्ता टूटे तो कुछ नहीं। तीन तलाक में कोई विटनेस नहीं होती, न दहेज का सामान और महर की रकम दी जाती है। रिश्ता तोड़ कर बीवी निकाल दिया जाता है।