बरेली। घरों में काम करने वाली एक युवती को लिफ्ट देकर बाइक सवार लड़कों ने छेड़खानी की। बचने के लिए युवती चलती बाइक से कूद गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
असम के एक जिले की रहने वाली 25 वर्षीय युवती गरीबी की वजह से घर से चली आई थी। वह एक साल से बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा मोहल्ले में किराये पर रहकर घरों में बर्तन साफ करती है। दिवाली पर वह शाहजहांपुर रिश्तेदारी में कपड़े लेने गई थी। मंगलवार रात दस बजे वहां से लौट रही थी। शाहजहांपुर हाईवे पर मिले दो लड़कों ने बरेली तक जाने की बात कहकर उसे बैठा लिया।
आरोप है कि आधे रास्ते से वह उसे गलत रास्ते पर ले जाने लगे। विरोध करने पर छेड़खानी की। इस पर युवती चलती बाइक से बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के हाईवे पर कूद गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। अमर उजाला ब्यूरो