कर निर्धारण अधिकारी का घेराव करते क्षेत्रवासी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
हंगामे और घेराव के बावजूद नगर निगम अधिकारियों ने दुकानें कर दीं सील
बरेली। नगर निगम की टीम बकाया कर वसूली के लिए शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बिहारीपुर पहुंची। यहां धार्मिक स्थल के बाहर बनीं चार दुकानों को टीम ने बकाया कर अदा न होने पर सील करना चाहा तो लोगों ने हंगामा करते हुए टीम का घेराव कर लिया। अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी तो हंगामा कर रहे लोग हट गए। इसके बाद दुकानें सील कर दी गईं।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद के निर्देश पर कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना के नेतृत्व में शुक्रवार को टीम सीलिंग की कार्रवाई करने निकली। बिहारीपुर में एक धार्मिक स्थल में बनी चार दुकानों का कर बकाया था। दुकानों को कई बार निगम की ओर से नोटिस भी दिया गया, लेकिन इसके बाद भी कर जमा नहीं किया गया। शुक्रवार को सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और टीम का घेराव कर लिया। इस पर टीम ने पुलिस से कार्रवाई कराने की बात कही तो लोग हट गए। इसके बाद टीम ने दुकानें सील कर दीं। कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि बकाया कर जमा करने के बाद ही दुकानों की सील खोली जाएगी। टीम ने महेशपुर सब्जी मंडी के पास भी दुकानें सील कीं।