शिक्षक का शव कमरे के मिला हार्ट अटैक से मौत की संभावना।
फतेहगंज पूर्वी। कस्बे के मोहल्ला लेखपाल कॉलोनी में बृहस्पतिवार सुबह एक मकान में किराये पर रह रहे 50 वर्षीय शिक्षक का शव मिला। अन्य किरायेदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई। पुलिस को मौके से शराब का एक खाली पौव्वा और एक आधा भरा हुआ पौव्वा भी मिला है।
सुबह नौ बजे के करीब लेखपाल कॉलोनी में ओमप्रकाश के मकान में किराये पर रह रहे शिक्षक प्रमोद कुमार निवासी मोहल्ला रामबाग थाना मवाना जनपद मेरठ को जब मकान में रह रहे दो अन्य किरायेदारों ने खिड़की से देखा तो वह चारपाई पर पड़े हुए थे। कई आवाजें देने पर भी कोई आवाज नहीं आई तो मकानमालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाया तो टीम ने कमरे में मौजूद सामान को एकत्र कर सील कर दिया।
गांव वंडिया कला के प्राथमिक विद्यालय में था शिक्षक
दोपहर तीन बजे मेरठ से पहुंची प्रमोद की पत्नी सुशीला देवी और छोटे भाई विकास की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। विकास ने बताया कि उनके बड़े भाई प्रमोद कुमार शाहजहांपुर के गांव वंडिया कला में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात थे। 14 जनवरी को मेरठ से यहां आए थे। उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। प्रमोद कुमार को दो बेटियां हैं।
इधर, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। संवाद
जांच के दौरान चक्कर खाकर गिर पड़ा होमगार्ड
फतेहगंज पूर्वी। पुलिस के साथ घटनास्थल पर गया होमगार्ड चक्कर खाकर गिर पड़ा। शिक्षक प्रमोद की मौत की सूचना पर पुलिस के साथ एक होमगार्ड भी घटनास्थल पर गया तो उसे चक्कर आने ललगा। इंस्पेक्टर ने आनन फानन में होमगार्ड श्रीकृष्ण को फरीदपुर सीएचसी भिजवाया, जहां उपचार के बाद होमगार्ड की हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। संवाद