बरेली। शिक्षक दिवस पर बृहस्पतिवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस, महाविद्यालयों और निजी कॉलेजों में शिक्षक सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण के साथ ही रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। इस दौरान बरेली कॉलेज में शिक्षक संघ ने अपने कार्यक्रमों में प्लास्टिक का सामान प्रयोग न करने की शपथ ली।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों को बधाई दी। बरेली कॉलेज के ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री की ओर से शिक्षकों के सम्मान कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। यहां पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में भी कार्यक्रम हुआ, जिसमें छात्रों ने शिक्षकों को बधाई दी। बरेली कॉलेज में शिक्षक संघ की ओर से नए शिक्षकों और वरिष्ठ शिक्षकों का स्वागत किया गया। सभी ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। मुख्य अतिथि पूर्व विभागाध्यक्ष दर्शनशास्त्र डॉ. एमएन रस्तोगी ने कहा कि शिक्षकों को बरेली कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। इस दौरान प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. अनुराग मोहन भटनागर, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. आलोक खरे समेत तमाम शिक्षक मौजूद रहे। अवंतीबाई महिला महाविद्यालय में लाइव प्रसारण के साथ ही छात्राओं ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान प्राचार्य डॉ. बीना पांडेय, डॉ. संध्या सक्सेना, डॉ. इतवारी लाल, डॉ. अन्नू महाजन, डॉ. सचिन गिहार, डॉ. रंजू राठौर आदि मौजूद रहीं।
पब्लिक स्कूलों में भी हुए रंगारंग कार्यक्रम
एसआर इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस पर हुए आयोजन में शिक्षकों ने बच्चों की जिज्ञासा का समाधान किया। यहां एमडी रूमा गोयल, डायरेक्टर डॉ. आरके शर्मा, प्रिंसिपल फ्रांसिस जेवियर पांडेय आदि मौजूद रहे। राधा माधव पब्लिक स्कूल में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान हाईस्कूल-इंटर में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित किए गए। थ्री डॉट्स में शिक्षकों का सम्मान और गीत-संगीत प्रस्तुत किए। बीबीएल अलखनाथ और पीलीभीत रोड में भी शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों का सम्मान किया गया। कैम्ब्रेज स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. विकास कुमार सक्सेना को उत्कृष्ट शिक्षक का सम्मान दिया गया। इस दौरान चेयरमैन डॉ. बीके शर्मा, केए वार्ष्णेय, मिथलेश वार्ष्णेय आदि मौजूद रहीं। जीआरएम की दोनों शाखाओं में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यहां प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली, प्रधानाचार्य आरएस रावत, शील सक्सेना आदि मौजूद रहे। डीपीएस में सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया और उनकी वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल बच्चों को पुरस्कृत किया। यहां प्रधानाचार्य वीके मिश्रा ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।