देवरनियां। बुधवार को ब्लाॅक दमखोदा के बीईओ ने ऑनलाइन हाजिरी के लिए पूर्व में दिए गए टैबलेट के लिए शासन से आए सिम लेने न आने वाले करीब 65 स्कूलों के 128 शिक्षकों को नोटिस जारी कर चेतावनी जारी की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को शिक्षक सिम लेने ब्लाॅक संसाधन केंद्र रिछा पहुंचे।
ऑनलाइन हाजिरी के लिए तीन माह पूर्व ही परिषदीय स्कूलों को टैबलेट दिए गए थे। एक स्कूल में दो टैबलेट एक प्रधानाध्यापक और सीनियर शिक्षक को दिए गए थे। शिक्षकों ने टैबलेट के लिए सिम की मांग की थी। इसके बाद शासन से सिम बांटे जा रहे हैं, मगर दमखोदा ब्लाॅक में सिम नहीं बंट पाए थे। अब सिम आने पर इनके बांटने का आदेश जारी किया गया था। बुधवार को हर स्कूल से प्रधानाध्यापक और सीनियर शिक्षक को सिम लेने के लिए बुलाया गया था, मगर वे लेने नहीं आए थे। इस पर शाम को बीईओ प्रेमसुख गंगवार ने 65 स्कूलों के 128 प्रधानाध्यापक और सीनियर शिक्षक को नोटिस जारी की थी।
ऑनलाइन हाजिरी के खिलाफ किया प्रदर्शन
नवाबगंज। प्रदेश सरकार के ऑनलाइन हाजिरी के आदेश किए जाने के बाद ब्लॉक के प्राथमिक शिक्षक भी विरोध पर उतर आए। बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने वीआरसी केंद्र पर प्रर्दशन कर सरकार से यह आदेश वापस लिए जाने की मांग की है। ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम बाबू गंगवार के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को प्राथमिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एकत्र होकर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर पहुंचे और सरकार के इस निर्णय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे तत्काल वापस लिए जाने की मांग की है। इस मौके पर ब्लॉक मंत्री योगेश कुमार, कोषाध्यक्ष वीडी पटेल, ओमेंद्र ठाकुर, मुन्ना लाल गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद