बरेली। इस साल रिटायर हुए मंडल के पांच सौ से अधिक शिक्षकाें में 150 शिक्षकाें की दुबारा नियुक्ति की जाएगी। कोर्ट के आदेश के बाद इनके रिटायरमेंट की अवधि एक साल के लिए बढ़ा दी गई है। इसका 01 अप्रैल से 01 जुलाई 1953 जन्मतिथि वाले शिक्षकाें को फायदा मिलेगा।
शनिवार को शासनादेश मिलने के बाद बीएसए ने सभी शिक्षकाें की सूची तैयार कर ली है। बरेली में करीब 50 और मंडल में 150 शिक्षकाें की जन्मतिथि एक अप्रैल से 01 जुलाई 1953 के बीच है। ये शिक्षक अब रिटायर नहीं माने जाएंगे। इनका सेवाकाल 31 मार्च 2016 तक बढ़ा दिया गया है। स्कूलों में इनकी तैनाती को लेकर भी खंड शिक्षा अधिकारियाें को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के संगठन मंत्री हरीश बाबू शर्मा, मुकेश चौहान, केसी पटेल, अरुण मिश्रा, मुन्ना लाल, शिवस्वरूप शर्मा आदि ने फैसले पर खुशी जताई है।
कई शिक्षकाें को मिल चुका है फंड व पेंशन
इस वर्ष बरेली में 253 शिक्षक रिटायरमेंट हुए थे। इनमें से 50 शिक्षकाें की दुबारा नियुक्ति दी जाएगी। लेकिन इनमें से कई शिक्षकाें को फंड के रुपये और पेंशन जारी होना शुरू हो गई है।