घरवालों का आरोप- छात्रा से जबर्दस्ती कर रहा था शिक्षक, विरोध पर डंडा मारकर सिर फोड़ा
विज्ञापन
शिक्षक की सफाई- छात्रा ने ही बुलाया था, परिवार वालों ने दोनों को पीटा
बरेली। आधी रात को अपनी छात्रा के घर में घुसे शिक्षक को आहट सुनकर जागे उसके घरवालों ने बंधक बना लिया। इसके बाद छात्रा और शिक्षक दोनों की जमकर पिटाई की। दोनों को गंभीर रूप से घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा के घरवालों का आरोप है कि शिक्षक उनकी बेटी के साथ जबर्दस्ती कर रहा था और विरोध करने पर उसे डंडा मारकर घायल कर दिया जबकि शिक्षक का कहना है कि उसे छात्रा ने ही बुलाया था।
आंवला के एक गांव में शुक्रवार रात बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही 18 वर्षीय युवती के घर में पड़ोस के गांव का एक 34 वर्षीय युवक घुस गया। रात करीब 12 बजे आहट सुनकर छात्रा के परिजन जाग गए। युवती के कमरे में मौजूद युवक को उन्होंने दबोचने के बाद बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बताया जाता है कि घरवालों ने युवती को भी बांधकर पीटा। इससे दोनों की हालत इस कदर बिगड़ गई कि उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दोनों के ही सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
जिला अस्पताल में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने इंटर तक की पढ़ाई एक प्राइवेट इंटर कॉलेज में की थी। आरोपी युवक उसी कॉलेज में शिक्षक है और छात्रा को भी पढ़ा चुका है। दरवाजा खुला होने पर शुक्रवार रात वह उनके घर में घुस आया और उनकी बेटी से जबरदस्ती की कोशिश करने लगा। उसने विरोध किया तो डंडा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। इसी कारण उन लोगों ने आरोपी की पिटाई की।
दो महीने पहले शादी, अब क्या मुंह दिखाएंगे
आरोपी शिक्षक ने बताया कि छात्रा से उसकी दोस्ती है। शुक्रवार रात उसने फोन करके बुलाया तो वह उससे मिलने गया था। इसी बीच जागे उसके परिवार वालों ने दोनों को बंधक बनाकर पीटा। उसे जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। शिक्षक की मां ने बताया कि दो महीने पहले ही उनके बेटे की शादी हुई है। आठ दिन पहले बहू मायके गई है। उनके बेटे की शादी होने के कारण लड़की गुस्से में थी। उसने उसे मिलने के लिए बुलाया था। जब पहुंचा तो शोर मचाकर उसे पकड़वा दिया। वे लोग तो अब गांव में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे।