बरेली। आरके इंस्टीट्यूट देवरनिया के हॉस्टल में बायोलॉजी के शिक्षक 25 वर्षीय जतिन शर्मा ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। परिवार ने किसी भी तरह के आरोपों से इन्कार किया है। जितिन ने एक माह पहले ही नौकरी शुरू की थी।
पीलीभीत के बिलसंडा करेली निवासी जतिन शर्मा फरीदपुर के देवरनिया चौकी क्षेत्र में स्थित आरके इंस्टीट्यूट में री-मेडिकल बॉयोलॉजी के शिक्षक थे। उन्होंने एक माह पहले ही कॉलेज में ज्वाइन किया था। कॉलेज के हॉस्टल में ही रहते थे। उनके भाई सचिन शर्मा ने बताया कि रविवार को पिता राजेंद्र शर्मा ने जितिन को कई बार मोबाइल पर कॉल की, लेकिन रिसीव नहीं हुई तो सोमवार सुबह ही पिता इंस्टीट्यूट के हॉस्टल पहुंच गए। उन्होंने जतिन का दरवाजा खटखटाया लेकिन काफी देर बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इस पर उन्होंने जतिन के बराबर वाले कमरे में रहने वाले डॉ. संजय टंडन को मामले की जानकारी दी। डॉ. टंडन ने मैनेजर थॉमस से फोन पर बात कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा जतिन का शव पंखे से बंधी रस्सी से लटका था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आ सकेगी।
कमरे के बाहर टंगा था खाने का टिफिन
जतिन के पिता जब इंस्टीट्यूट पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी पर ही जतिन के खाने का टिफिन टंगा था। इससे उन्हें पहले ही अनहोनी का अंदेशा हो गया था। भाई सचिन ने बताया कि परिवार में भी किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। न ही जतिन को कोई परेशानी थी। जतिन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।