बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रेरणा एप के विरोध में बृहस्पतिवार को बीएसए ऑफिस में धरना दिया। संघ पदाधिकारियों ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं का आह्वान किया कि वह अपने स्मार्ट फोन में प्रेरणा एप डाउन लोड न करें। स्कूल में सिर्फ की-पैड मोबाइल फोन चलाएं। प्रेरणा एप शिक्षकों के शोषण के लिए बनाया गया है। इसके साथ ही संघ ने शिक्षक दिवस को शिक्षक सम्मान बचाव दिवस के रूप में मनाया।
प्राथमिक शिक्षक संघ मांडलिक मंत्री/जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में जिले के सभी ब्लॉक सेे शिक्षक बृहस्पतिवार को बीएसए ऑफिस में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षक किसी भी दशा में प्रेरणा एप को स्वीकार नहीं करेंगे। सरकार और अफसर शिक्षकों को काम चोर साबित करने में लगे हैं। संगठन ने अब तक शिक्षकों की दर्जनों लड़ाई लड़ी हैं। प्रेरणा एप की लड़ाई में भी संगठन की जीत होगी। ब्लॉक अध्यक्ष विनोद वर्मा ने आर-पार की लड़ाई की बात कही। कोषाध्यक्ष अबरार हुसैन, ब्लॉक मंत्री मोहम्मद हसन ने भी संबोधन किया। इस मौके पर राजेंद्र प्रकाश सक्सेना, आशीष वर्मा, विवेक शर्मा, हरपाल, केपी यादव, योगेश गंगवार, नलिन रस्तोगी, जितेंद्र सिंह, रोहित, अफजल बेग आदि मौजूद रहे।