निशुल्क पाक कला प्रशिक्षण के लिए चार जनवरी तक होंगे आवेदन
बरेली। शहर और ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ, पौष्टिक भोजन की मांग बढ़ती जा रही है। असंतुलित मात्रा में मसाले, नमक, चीनी आदि के प्रयोग से ग्राहक की सेहत प्रभावित होती है। ऐसी स्थिति में सेहत सुरक्षा और खाद्य पदार्थ विक्रय संबंधित रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।
लिहाजा, राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र की ओर से पांच जनवरी 2026 से मासिक पाक कला (कुकरी) प्रशिक्षण शुरू होगा। इसमें प्रतिभाग के लिए आवेदन की अंतिम तिथि चार जनवरी है। केंद्र के कार्यालय अधीक्षक अंशिल सिन्हा के मुताबिक प्रशिक्षण निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
आवेदनकर्ता की उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। चयनित प्रतिभागियों को विशेषज्ञ साउथ इंडियन, चाइनीज, फास्ट फूड समेत अन्य विविध भारतीय और कॉन्टीनेंटल फूड बनाने की कला सिखाएंगे। स्वरोजगार के लिए 50 फीसदी सब्सिडी (एक लाख तक) उपलब्ध कराएंगे।
अंशिल के मुताबिक अधिक जानकारी के लिए डेलापीर चौराहा स्थित प्रधानाचार्य कार्यालय या फोन नंबर 7007566797 पर संपर्क कर सकते हैं। बताया कि प्रशिक्षण के बाद अगर किसी प्रतिभागी को स्वरोजगार स्थापित करना होगा तो संस्थान की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा। ब्यूरो