बरेली। जनता कर्फ्यू में शहर के सभी मंदिर भी रविवार को बंद रहेंगे। मंदिरों में सुबह पुजारी आरती करेंगे। इसके बाद मंदिरों के कपाट बंद हो जाएंगे। शाम की आरती भी होगी, लेकिन भक्तों का प्रवेश नहीं होगा।
राजेंद्रनगर स्थित बांके बिहारी मंदिर के कपाट रविवार सुबह साढ़े पांच बजे खुलेंगे। इसके बाद पुजारी जागरण आरती करेंगे। सात बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। मीडिया प्रभारी संजय अरोरा ने बताया कि रात नौ बजे मंदिर खुलेगा और साढ़े नौ बजे आरती होगी, लेकिन भक्तों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर, दरगाह मंदिर, रामायण मंदिर और सनातन धर्म मंदिर भी रविवार को बंद रहेंगे। श्री हरि मंदिर प्रबंध समिति के मुताबिक, 22 मार्च को मॉडल टाउन के सभी मंदिर खुलेंगे, लेकिन भक्तों का प्रवेश नहीं होगा। गौरतलब है कि कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर के कपाट शनिवार को ही बंद कर दिए गए हैं। इधर, अलखनाथ मंदिर भी रविवार को बंद रहेगा।