बरेली। ताइक्वांडो के प्रति बढ़ते उत्साह और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शहर में जिला स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। बरेली स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से तीन मई को आयोजित यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के संरक्षण में बृज भूषण लाल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में होगी।
सचिव विमल मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रतियोगिता प्रोटेक्टर स्कोरिंग सिस्टम के माध्यम से खेली जाएगी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य है। ट्रुस्चोंग स्कोरिंग सिस्टम का उपयोग यह सुनिश्चित करेगा कि अंकों की गणना पूरी तरह सटीक और पारदर्शी रहे, जिससे खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का सही परिणाम मिल सके। एसोसिएशन के सचिव अकमल खान ने बताया प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों में विभाजित किया गया है ताकि हर स्तर के खिलाड़ी को बराबरी का अवसर मिले। इसमें पांच से सात वर्ष के नन्हे पीवी खिलाड़ियों से लेकर, आठ से 11 वर्ष के फ्रेशर सब-जूनियर, 12 से 14 वर्ष के कैडेट, और 15 से 17 वर्ष के जूनियर वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही 17 वर्ष से ऊपर के अनुभवी खिलाड़ियों के लिए सीनियर वर्ग की स्पर्धा भी रखी गई है। मुख्य आकर्षण क्योरुगी (फाइटिंग) और पूमसे (फॉर्म्स) के इवेंट्स होंगे, जहां विजेता खिलाड़ियों को ट्राफियां और पदकों से सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की जाएगी।