नवाबगंज/मीरगंज/दुनका। करवा चौथ के त्योहार पर बृहस्पतिवार को बाजारों में भीड़ उमड़ी। सुहागिनों ने व्रत की तैयारियों के बीच खरीदारी की। इस दौरान नवाबगंज और मीरगंज व दुनका के मुख्य मार्गों व चौराहों पर अतिक्रमण और भीड़ के कारण जाम की स्थिति बन गई। इस बीच इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन घंटों गुजरते रहे। जाम से निपटने के लिए ठोस व्यवस्था न होने से वाहन चालक बेबस दिखाई दिए।
नवाबगंज के मुख्यमार्ग, विजौरिया और बाईपास मार्ग पर देर शाम तक खूब रौनक रही। महिलाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने साड़ी, चूड़ी, बिंदी, मेहंदी और शृंगार के सामान की दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
मिठाई, फल और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से बाजार गुलजार रहे। खरीदारी के कारण नगर के तहसील चौराहा, अशोक चौक, बाईपास, पिंक बूथ और पटेल चौक पर जाम लगा। दुकानों के सामने खड़े वाहन और दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण से राहगीरों को निकलने में परेशानी हुई। मीरगंज/दुनका में सिरौली चौराहा, सिंधौली चौराहा और कस्बा बस स्टैंड पर दिन भर भीड़ रही। सुबह से ही बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण कई बार जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस जाम खुलवाती नजर आई। इससे लोगों को कुछ राहत मिली। संवाद