बरेली। शहर में बुधवार रात आई आंधी-बारिश में स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। इसने नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों की पोल खुल गई। शहरवासियों को दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आंधी के दौरान शहरी इलाके में 154 विशालकाय पेड़ सड़कों और वाहनों पर गिर गए। पीलीभीत रोड, बदायूं रोड, सौ फुटा रोड, स्टेडियम रोड और श्यामगंज पुल जैसी प्रमुख जगहों पर कुल 14 यूनिपोल भी धराशाई हो गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, पीलीभीत रोड पर यूनिपोल गिरने से यातायात ठप हो गया। श्यामगंज पुल पर लगा यूनिपोल उखड़कर पास की दूसरी छत पर जा गिरा।
नगर निगम ने पूर्व में ही यूनिपोल की गुणवत्ता जांचने के लिए छह एजेंसियों को नोटिस जारी किया था। एजेंसियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया, जिसकी वजह से ये धराशाई हुए। इससे निपटने के लिए नगर निगम के 150 कर्मचारियों की टीम बुधवार रात से ही सड़कों पर दौड़ती रही। रास्ते साफ करने के लिए आठ बुलडोजर, 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 40 छोटे वाहनों को लगाया गया। घंटों बाद प्रमुख मार्गों पर आवागमन बहाल किया जा सका।
बारिश ने शहर की जल निकासी की भी कलई खुल गई। निचले इलाकों में नाले चोक होने के कारण सड़कों पर जलभराव हुआ। स्टेडियम रोड पर राजेंद्रनगर मोड़ के पास नाला चोक होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। इस कारण पैदल राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
पीलीभीत रोड पर पेट्रोल पंप की उड़ी छत, बरातघर का गिरा गेट
पीलीभीत रोड स्थित एक पेट्रोल पंप की छत आंधी में उड़ गई, हालांकि इस दौरान कोई चोटिल नहीं हुआ। पास में ही एक यूनिपोल भी गिर पड़ा। पीलीभीत रोड स्थित एक बरातघर का गेट भी धराशाई हो गया। रोड पर लगे कई ठेलों के ऊपर की छत भी उड़ गई।
पेड़ गिरने से पीलीभीत हाईवे पर लगा जाम
रिठौरा। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर बैरियर टू के पास बुधवार रात आई तेज आंधी के दौरान एक पेड़ टूटकर गिर गया। इस वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे वाहन सवार परेशान होते रहे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। तब आवागमन बहाल हो सका। संवाद
कई मकान क्षतिग्रस्त
फतेहगंज पश्चिमी। बुधवार रात आई आंधी से क्षेत्र में जगह-जगह पेड़ टूटने के साथ ही कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। टिनशेड और सोलर पैनल उड़ने से लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ। गांव कुरतरा निवासी चमन गंगवार का टिनशेड उड़ गया। यहां जसवीर, हरपाल के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। गांव रसूला चौधरी में जफर मोहम्मद, कल्लू, सिराजुद्दीन के मकान के साथ ही गोशाला का टिनशेड उड़ गया। चहारदीवारी गिर गई। संवाद
स्कूल की चहारदीवारी व गेट भी धराशाई
सीबीगंज। परसाखेड़ा गौंटिया स्थित प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी गिर गई। स्कूल का गेट उखड़कर दूर जा गिरा। दसवां स्थल का टिन शेड उखड़कर दूर खेतों में गिरा। उसकी चादरें अलग-अलग जगह जाकर गिरीं। खड़ौआ गांव में शिव मंदिर परिसर में खड़ा पीपल का पेड़ उखड़कर आसपास के घरों पर गिर गया। इससे घरों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकानों पर पड़ी टिन की चादरें उड़कर दूर जा गिरीं। झुमका तिराहे पर बने अवैद्यनाथ द्वार पर पुराना बकैन का पेड़ सड़क पर गिरने से एक ओर से आवागमन बंद हो गया। संवाद
वर्जन
बुधवार रात आई आंधी के कारण गिरे पेड़ों व यूनिपोल को हटवाया गया है। निगम की टीम पूरे दिन पेड़ हटवाने व रास्त साफ कराने में लगी रही। राजीव राठी, एक्सईएन
निगम ने उपयोग किए ये संसाधन
- 8 बुलडोजर
- 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां
- 40 छोटे वाहन
- 44 माली
-
एडटैक, प्रकाश आर्ट व इंपैक्ट पर लगाया 22 लाख का जुर्माना, दर्ज होगी रिपोर्ट
फोटो
- प्रत्येक यूनिपोल गिरने पर दो लाख, छोटे विज्ञापन पटों पर लगाया 50 हजार रुपये का अर्थदंड
संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। आंधी-बारिश के बीच 14 यूनिपोल गिरने के बाद नगर निगम के जिम्मेदारों की नींद टूटी। नगर निगम प्रशासन ने आनन-फानन में तीन विज्ञापन एजेंसियों एडटैक, प्रकाश आर्ट व इंपैक्ट पर सामूहिक रूप से 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इन एजेंसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। गनीमत रही कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई।
नगर निगम के विज्ञापन प्रभारी राजीव कुमार राठी ने बताया कि प्रत्येक बड़े यूनिपोल के गिरने पर दो-दो लाख रुपये और छोटे विज्ञापन पटों के गिरने पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। आंधी में सर्वाधिक नुकसान राजीव तनेजा की एडटैक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को हुआ है, जिसके छोटे और बड़े मिलाकर कुल आठ यूनिपोल धराशाई हुए। प्रकाश आर्ट के चार और मैसर्स इंपैक्ट के दो यूनिपोल गिरे। इन सभी एजेंसियों ने मानकों को ताक पर रखकर लोहे के भारी-भरकम होर्डिंग और यूनिपोल खड़े कर रखे थे, जो पहली ही तेज आंधी में ताश के पत्तों की तरह ढह गए।
निगम कराएगा तकनीकी जांच व सुरक्षा ऑडिट
यूनिपोल गिरने की घटनाएं सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने शहर में लगे सभी यूनिपोल की तकनीकी जांच और सुरक्षा ऑडिट के आदेश जारी किए हैं। आरोपी एजेंसियों से निर्माण की तकनीकी रिपोर्ट, डिजाइन स्वीकृति और गुणवत्ता प्रमाणपत्र तलब किया है। जांच में यह देखा जाएगा कि क्या ये यूनिपोल तय सुरक्षा मानकों और डिजाइन के अनुरूप लगाए गए थे या नहीं? नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा है कि सार्वजनिक सुरक्षा और राहगीरों की जान के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।