बरेली। धूप, बारिश और गर्मी बच्चों को बीमार बना रही है। रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेले में 864 बीमार बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। इसमें 310 बच्चे उल्टी, दस्त की चपेट में रहे। जो गंभीर थे, उन्हें रेफर कर दिया गया।
इधर, जिला अस्पताल बच्चा वार्ड में रविवार को भी डायरिया की चपेट में रहे आठ बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। गंभीर बीमार बच्चों को भर्ती कर इलाज शुरू किया। वार्ड में रविवार शाम तक 22 बच्चे भर्ती रहे। वहीं, स्वस्थ हुए आठ बच्चे डिस्चार्ज किए गए। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. करमेंद्र के मुताबिक बीते दिनों तेज धूप और अब बारिश होने से बच्चे सर्द गर्म की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, दूषित खाद्य सामग्री के सेवन से ज्यादातर बच्चों में डायरिया के लक्षण उभर रहे हैं। इसमें उल्टी, दस्त, तेज बुखार, कमजोरी आदि शामिल है। समय पर इलाज न मिलने से तबियत बिगड़ रही है।
बदहजमी और डिहाइड्रेशन के भी पहुंचे मरीज
सीएचसी, यूपीएचसी और पीएचसी पर आयोजित मेले में बदहजमी और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या भी काफी रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक बारिश से संचारी रोग की आशंका रहती है। ओपीडी में कई मरीज सिर, हाथ-पैर में दर्द, आंखों में जलन, डिहाइड्रेशन, डिप्रेशन, बदहजमी, हाइपरटेंशन आदि बीमारियों की चपेट में रहे। बुखार के मरीजों की मलेरिया जांच भी की गई।
किसी बीमारी के कितने मरीज, कितने हुए रेफर
रविवार को जिले के 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में करीब 38 सौ मरीज पहुंचे। इसमें पेट के 476 व त्वचा संबंधी 626 मरीज इलाज को पहुंचे थे। 128 लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी जारी किए गए। 214 एएनसी के केस रहे। इसके अलावा 12 मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया। इसमें छह मरीज मेडिकल ट्रीटमेंट, दो सर्जरी, चार नेत्र रोग शेष अन्य बीमारियों के मरीज रहे। ब्यूरो