मेयर उमेश गौतम को धमकी भरा ईमेल स्विट्जरलैंड बेस्ड वेबसाइट प्रोटोनमेल के जरिये भेजा गया था। एसएसपी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी है। साइबर सेल की ओर से ईमेल का सोर्स और आईपी एड्रेस हासिल करने के लिए स्विट्जरलैंड सरकार को पत्र भेजा जाएगा।
इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर ने बृहस्पतिवार शाम एसएसपी जोगेंद्र कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की और धमकी देने वालों तक पहुंचने को कहा। भाजपा जिलाध्यक्ष ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मेयर को उचित सुरक्षा दी जानी चाहिए। इस दौरान उनके साथ आदेश प्रताप सिंह, पवन शर्मा, प्रदीप पुष्कर मौजूद रहे। इससे पहले बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश कठेरिया ने एसएसपी से मुलाकात करके कार्रवाई की मांग की थी। मेयर उमेश गौतम को स्विट्जरलैंड बेस्ड वेबसाइट के जरिये उनकी मेल आईडी पर आठ जनवरी की रात 11:50 बजे धमकी मिली थी। इसके बाद कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोतवाली पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच कर रहे हैं। ईमेल के विषय में जानकारी के लिए स्विट्जरलैंड सरकार को पत्र भेजा जा रहा है।
- रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी