बरेली। लंबे इंतजार के बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को ग्रीष्मकालीन सत्र के लिए तरणताल को एक बार फिर खिलाड़ियों और तैराकी प्रेमियों के लिए खोल दिया गया। तरणताल के शुरू होते ही खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन लगभग 25 बच्चों ने लर्निंग पूल में उतरकर तैराकी का आनंद लिया।
आरएसओ चंचल मिश्रा ने नारियल फोड़कर व विधि-विधान से पूर्जा-अर्जना कर तरणताल का शुभारंभ किया। मौके पर स्टेडियम के समस्त खिलाड़ी, प्रशिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे। स्टेडियम प्रशासन की ओर से नए सत्र के लिए तैराकी के लिए नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तैराकी प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ी और आम लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
शुल्क संरचना के अनुसार 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए 1500 रुपये प्रतिमाह व 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए 2000 रुपये प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया है। तैराकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन दो स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। पहला स्लॉट सुबह छह बजे से नौ बजे तक एक-एक घंटे के तीन सत्र में व दूसरा स्लॉट शाम पांच बजे से छह बजे तक संचालित होगा। इससे खिलाड़ी अपनी सुविधा के अनुसार अभ्यास कर सकेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने बताया कि तरणताल के पुन: संचालन से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अपनी तैयारी को मजबूत कर सकेंगे।