बरेली। जीआईएस सर्वे के बाद उपजा गृहकर का क्लेश खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। स्वकर फाॅर्म सोमवार को भी जमा नहीं हुए। विभाग आदेश का इंतजार कर रहा है। बोर्ड बैठक की तिथि आगे बढ़ने के बाद महापौर ने पार्षदों को सोमवार से फॉर्म जमा किए जाने का आश्वासन दिया था, जो खोखला साबित हुआ। अब पार्षद दोबारा महापौर से बात करने की तैयारी में हैं।
पिछली बार भी स्वकर के फाॅर्म जमा होने बंद हुए तो पार्षदों ने महापौर से बातचीत कर तारीख को बढ़वाया था। इस प्रकरण में साफ हुआ था कि शासन की ओर से जारी स्वकर फाॅर्म को विभाग बंद नहीं कर सकता, पर सात दिसंबर से विभाग ने दोबारा फॉर्म लेना बंद कर दिया। महापौर से बातचीत के बाद तय हुआ था कि 16 दिसंबर को होने वाली बोर्ड की बजट बैठक में स्वकर फॉर्म के संबंध में लिखित आदेश दिए जाएंगे। इस बीच बैठक टल गई तो पार्षदों ने महापौर से मुलाकात की थी। इस दौरान महापौर ने आश्वासन दिया था कि साेमवार से स्वकर फाॅर्म जमा किए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। संवाद
जनता से जुड़ा मामला है, इसमें देर नहीं होगी। लिखित आदेश विभाग के पास पहुंच जाएंगे। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। - उमेश गौतम, महापौर