बरेली। मालियों की पुलिया के पास शॉपिंग मॉल में 13 मार्च को महिला के साथ हुई छेड़खानी व चेन लूट की घटना प्राथमिक जांच में संदिग्ध मिली है। बारादरी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
महिला ने बारादरी थाने में बाइक नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके साथ शापिंग मॉल में छेड़खानी की गई और विरोध करने पर पति की पिटाई कर सोने की चेन लूट ली गई। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने बाइक को ट्रेस किया और कैंट के भरतौल गांव निवासी महिला के घर पहुंची। महिला ने बताया कि यह बाइक उनके नाम पर है, लेकिन इसे बेटी को दहेज में दिया है। इसके बाद पुलिस बाइक चला रहे मकसूदनपुर निवासी सुधीर के घर पहुंची।
सुधीर ने पुलिस को बताया कि 13 मार्च को वह अपने भाई अनमोल, बेटे शिवकुमार और भाई के दोस्त विशाल के साथ शॉपिंग मॉल में खरीदारी करने गए थे। वहां पर भीड़ में एक व्यक्ति ने विशाल की गर्दन पकड़ ली और उसकी पत्नी से छेड़खानी की बात कहकर वीडियो बनाने लगी। सुधीर के मुताबिक वह अपने भाई और बेटे के साथ मॉल गए थे, ऐसे में भला कौन छेड़खानी कर सकता है। पुलिस ने मॉल के कर्मचारियों के बयान लिए तो उसमें भी छेड़खानी और लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई। अन्य आरोपों में कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो