इन जिलों से होते हुए गुजरेगा एक्सप्रेसवे
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे शामली से शुरू होकर मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर होते हुए बरेली में बहेड़ी तहसील क्षेत्र से होकर गुजरेगा। यहां से नवाबगंज तहसील के कुछ गांवों के बाद पीलीभीत जिले की तहसील सदर के नौ गांव और बीसलपुर तहसील क्षेत्र के 39 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके बाद शाहजहांपुर के पुवायां तहसील से लखीमपुर खीरी होते हुए कई अन्य जिलों से गुजरते हुए गोरखपुर तक जाएगा। यह प्रदेश के 22 जनपदों से होकर गुजरेगा।
गौरतलब है कि करीब 700 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना का निर्माण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने के लिए किया जा रहा है। सिक्सलेन एक्सप्रेसवे को पिछले साल दिसंबर में एनएचएआई के दिल्ली मुख्यालय से एलाइनमेंट की मंजूरी मिली थी।
विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी विजय वर्धन तोमर ने बताया कि शामली-गोरखपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए बीसलपुर और सदर तहसील के गांवों का सर्वे शुरू कराया है। एनएच की कंसल्टेंसी, एनएचएआई और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सर्वे कर रही है। दो माह में सर्वे पूरा होना है। सर्वे के बाद भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू कराई जाएगी। भूमि की खरीद-फरोख्त पर पहले से रोक लगी है।