बहेड़ी। रामपुर के सीआरपीएफ कैंप पर 2007 में हुए आतंकी हमले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद पुलिस ने उसके बहनोई बहेड़ी निवासी गुलाब खां की निगरानी बढ़ा दी है। उसे सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
मोहम्मद शरीफ रामपुर जिले के बिलासपुर के गांव खजुरिया का निवासी था। सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के मामले में शरीफ को निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अक्तूबर 2025 को शरीफ सहित पांच लोगों को बरी कर दिया था। शरीफ 14 साल बरेली सेंट्रल जेल से बाहर आया था। मंगलवार शाम वह खजुरिया थाने में पुलिस सत्यापन के बाद अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
झारखंड के राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसमें दावा किया गया कि सीआरपीएफ कैंप पर हमले में सात जवान और एक रिक्शे वाला मारा गया था। कोर्ट से इन्साफ नहीं मिला, इसलिए उन्होंने शरीफ को मार दिया है। हमले में शामिल अन्य लोगों का नंबर भी जल्द आने वाला है। इसके बाद बरेली पुलिस हरकत में आ गई। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि शरीफ के बहनोई गुलाब खां को बुलाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
कौन है गुलाब खां
गुलाब खां भी रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हमले के मामले में आरोपी था। वह शाहगढ़ मोहल्ले का निवासी है। गुलाब खां को 2019 में सबूतों के अभाव में कोर्ट से बरी कर दिया गया था। तब से वह बरेली के इज्जतनगर इलाके में मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा है।