बरेली। हर साल बरसात में तालाब बनने वाले हजियापुर को इस बार जलभराव से जूझना नहीं पड़ेगा। हजियापुर में निर्माणाधीन संपवेल के साथ ही शनिवार से पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू कर दिया है।
इन दिनों संजयनगर संपवेल से ही आसपास के पूरे इलाके का पानी बाहर निकलता है, जिससे बरसात में संजयनगर, हजियापुर समेत आसपास की कई कॉलोनियों में जलभराव हो जाता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पिछले दिनों हजियापुर में संपवेल का निर्माण शुरू कराया गया। अब शनिवार को स्टेडियम रोड पर खोदाई करके इसकी पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। जीएम जलकल आरके यादव ने बताया कि इस संपवेल के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे हजियापुर के साथ ही आसपास की कई कॉलोनियों और पुराना शहर के मोहल्लों को जलभराव से निजात मिल जाएगी।
खोदाई करके सड़क पर ही छोड़ दी मिट्टी, लग रहा जाम
जल निगम की तरह ही संपवेल की पाइपलाइन बिछाने वाला ठेकेदार भी लापरवाही से काम करा रहा है। शनिवार को स्टेडियम रोड पर मॉडल टाउन चौकी के सामने खोदाई के दौरान निकली मिट्टी सड़क पर ही डाल दी गई। इससे वहां दिन भर जाम के हालात बनते रहे।