बरेली। कॉन्वेंट की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों में भी 21 मई से 15 जून तक समर कैंप का आयोजन होगा। समर कैंप की व्यवस्थाएं अनुदेशक व शिक्षामित्रों के हवाले रहेंगी। स्वप्रेरित शिक्षक, स्नातक के छात्र-छात्राओं का सहयोग भी लिया जा सकता है।
शासन के निर्देशों के अनुसार जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों में 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इस अवधि में छात्र-छात्राओं के लिए नए अनुभव की खोज करना, नए दोस्त बनाना और खेल-खेल में कुछ करके सीखने के लिए समर कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कैंप से छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और जीवन कौशल का विकास होगा। साथ ही शिक्षक और छात्र-छात्राओं में सामाजिक व सांस्कृतिक मूल्यों की समझ विकसित होगी।
यह रहेगा समय
समर कैंप रोजाना सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। हालांकि स्थानीय आवश्यकताओं व परिस्थितियों के अनुसार समय में बदलाव भी किया जा सकता है। कैंप में छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी प्रतिभाग कर सकते हैं। संवाद
-
समर कैंप को लेकर सभी बीईओ को निर्देशित किया जा चुका है, ताकि वह अपने स्तर से सभी प्रधानाध्यापकों को इस बारे में अवगत करा दें। किस सप्ताह कौन-कौन सी गतिविधियां होनी हैं, इसकी जानकारी के लिए शासन की ओर से लिस्ट भी जारी की गई है। - संजय सिंह, बीएसए