बिनावर (बदायूं)। बुधवार सुबह करतोली और घटपुरी के बीच एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। युवक विजयनगला में फर्नीचर की दुकान चलाता था। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरोड़ी निवासी वाजिद (30) पुत्र इसरार चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वाजिद विजयनगला में फर्नीचर की दुकान चलाता था। परिवार वालों की माने तो युवक बुधवार तड़के बाइक लेकर घर से चला आया था। परिवार वालों को वो कुछ बता कर भी नहीं गया था। सुबह करीब आठ बजे परिवार वालों को सूचना मिली कि वाजिद ने बरेली से कासगंज जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। इस पर परिवार वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस भी आ गई। उसकी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक सुबह 7:10 बजे ट्रेन के आगे कूदा था। जिस पर आसपास खेत में काम कर रहे लोग पहुंच गए थे। उन्होंने ही शव की पहचानकर उसके परिवार वालों को सूचना दी थी। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। लोग पति-पत्नी का विवाद बता रहे हैं। उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।