नवाबगंज। घरवालों के प्रेमी से मिलने में बाधक बनने पर युवती ने जहर खाकर जान दे दी। उसकी मौत की खबर मिलने पर प्रेमी ने भी जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे नवाबगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक टेंट हाउस पर काम करता है। इसी दौरान उसकी टेंट हाउस पर काम करने वाले दूसरे युवक से दोस्ती हो गई तो वह उसके घर आने जाने लगा। इसी दौरान उसका दोस्त की बहन से प्रेम प्रसंग हो गया। इसकी जानकारी जब लड़की के परिजन को हुई तो उन्होंने उस पर बंदिशें लगा दीं। इससे परेशान होकर उसने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की जानकारी होने पर उसके प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन ने उसे नवाबगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर प्रेमिका के परिजन ने उसका बिना पुलिस को सूचना दिए गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया।