बरेली। बारादरी के सिकलापुर में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में छत के कुंडे से फंदे पर लटका मिला। खबर मिलने पर मायके वाले पहुंचे तो ससुराल वाले विवाहिता के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। मायके वालों ने शव अपने साथ ले जाने को कहा तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बारादरी पुलिस ने इस मामले में पति, ससुर, सास और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
सिकलापुर निवासी विपिन शुक्रवार को किसी काम से बाहर गया था। शाम को विपिन घर लौटा तो कमरे में गीता का शव फंदे से लटका था। विपिन से शव को फंदे से उतारकर परिवार के लोगों को सूचना दी। बरेली कॉलेज के पास रहने वाली गीता की बड़ी बहन कविता ने बताया कि गीता की शादी दो साल पहले विपिन से हुई थी। शादी के बाद से ही गीता को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। दो दिन पहले ही विपिन ने गीता के भाई मनोज को फोन करके रुपये मांगे थे। कविता का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही गीता की फंदा लगाकर हत्या की है। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति विपिन, ससुर नन्हा, सास लक्ष्मी और देवर संजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अब मढ़ीनाथ रेलवे पुल पर मांझे से कटी छात्रा की गर्दन
बरेली। नेकपुर चीनी मिल के पास रहने वाली छात्रा अंकिता पाठक शुक्रवार शाम छह बजे दवा लेकर स्कूटी से घर लौट रही थीं, तभी मढ़ीनाथ पुल पर चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। इससे उनकी गर्दन जख्मी हो गई। राहगीरों ने उन्हें घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों उन्हें अस्पताल ले गए। शहर में चाइनीज मांझे से राहगीरों के घायल होने की लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रतिबंध होने के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री रुक नहीं पा रही है। संवाद