लखीमपुर खीरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर में शुक्रवार शाम बड़े भाई ने पंखे से और छोटे भाई और बहन ने छत के जाल से साड़ी के फंदे से लटकर जान दे दी। एक ही परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या की सूचना से शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का मानना है कि तीनों ने अवसाद में आकर यह कदम उठाया है। इस संबंध में एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि हम तीनों भाई-बहन अपनी मां के मरने का गम भूल नहीं पा रहे हैं, इसलिए आत्महत्या कर रहे हैं। इसमें किसी का दोष नहीं है। हमारा पोस्टमार्टम न कराया जाय। अखबार में फोटो भी न छापे जाएं।
यूपी एग्रो से रिटायर्ड इंजीनियर आदित्य प्रकाश अवस्थी का शहर के मोहल्ला शांतीनगर में मकान है। आदित्य प्रकाश अवस्थी ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह खाना खाकर लखनऊ काम से चले गए थे। घर पर बड़ा पुत्र नागेश्वर (35), विवेक (28) और पुत्री प्रीति (25) थे। तीनों बच्चे अविवाहित थे। शाम को जब वह घर लौटे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने यूपी 112 पुलिस को कॉल की। सूचना पर यूपी 112 पुलिस और कोबरा मोबाइल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो सब अवाक रह गए। नागेश्वर का शव पंखे से लटक रहा था। उसके पैरों के बगल में स्टूल था। पास में ही तख्त के ऊपर बने जाल से गगन और प्रीति के शव लटक रहे थे। एक ही परिवार के तीन लोगों के शव लटकने की सूचना मोहल्ले में आग की तरह फैल गई। तमाम लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर सीओ सिटी विजय आनंद, प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीनों शव नीचे उतारकर कब्जे में ले लिए। सीओ सिटी ने बताया कि तीनों बच्चे पढ़े-लिखे थे, लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्य तीनों के अवसाद में होने की ओर इशारा कर रहे हैं। शवों को कब्जे में लिया गया है। शनिवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।