इतना तो स्पष्ट है कि इस बार बारहवीं का परिणाम उम्मीद से काफी कम आएगा। फेल होने का डर इस बार छात्रों पर इतना हावी है कि वे स्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन तक नहीं कर रहे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक के करीब डेढ़ लाख एडमिशन होने हैं और अब तक 1560 ने ही आवेदन किया है। इसमें 980 ने ही फीस जमा की है। 29 मई को यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित हो रहा है। ज्यादातर छात्र रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के कॉलेजों में ज्यादातर यूपी बोर्ड के ही छात्र प्रवेश लेते हैं।
इस बार मॉडरेशन पॉलिसी भी खत्म हो रही है, यानी नंबर बढ़ाने की परंपरा नहीं रहेगी। इसका भी रिजल्ट पर प्रभाव पड़ेगा। शिक्षकों का कहना है कि छात्र शायद यही सोच रहे है कि अगर फेल हो गए तो शर्मिंदगी झेलनी पड़ेगी, इसलिए रिजल्ट आने के बाद ही आवेदन किया जाए। विश्वविद्यालय में स्नातक के पंजीकरण 15 मई तक होने हैं। 29 अप्रैल को रिजल्ट आएगा। छात्रों के पास सिर्फ पंद्रह दिन ही आवेदन के होंगे। हालांकि कम आवेदन देखकर विश्वविद्यालय आवेदन की तिथि बढ़ाने पर विचार कर रहा है। वहीं परास्नातक में प्रवेश के पंजीकरण मई प्रथम सप्ताह से होंगे।
ग्यारहवीं में भी बहुत कम हुए प्रवेश
सिर्फ स्नातक ही नहीं बल्कि ग्यारहवीं में प्रोविजनल एडमिशन भी इस बार कम हुए हैं। ज्यादातर इंटर कॉलेजों में बीस ही प्रवेश हुए हैं। दसवीं में भी छात्रों का लग रहा है कि वह पास होंगे या फेल। कम नंबर आने से मनचाही स्ट्रीम मिलेगी या नहीं। हालांकि कॉलेज छात्रों से यही कह रहे हैं कि अगर वह विषय बदलना चाहते हैं तो उनको इसकी सुविधा मिलेगी।
30 अप्रैल से पहले आ जाएगा बीकॉम फाइनल का रिजल्ट
विश्वविद्यालय इस बार परिणाम समय से जारी कर रहा है। परास्नातक के पांच रिजल्ट विश्वविद्यालय घोषित कर चुका है। अब विश्वविद्यालय स्नातक के रिजल्ट जारी करना शुरू करेगा। तीस अप्रैल से पहले बीकॉम फाइनल का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।