बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परिसर व विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित कोर्स के परीक्षा फॉर्म भरने में लगातार समस्या बनी हुई है। समर्थ पोर्टल पर विषय ठीक कराने के लिए शनिवार को कई विद्यार्थी रुविवि परिसर पहुंचे।
कुछ विद्यार्थियों ने प्रवेश फॉर्म भरते समय जो विषय चयनित किए, उनकी जगह फॉर्म में अन्य विषय नजर आ रहे हैं। विकल्प न दिखने के कारण पोर्टल पर फीस भी जमा नहीं हो रही है। समस्याएं दूर कराने के लिए विवि परिसर स्थित समर्थ पोर्टल कार्यालय पर सुबह से शाम तक विद्यार्थियों की भीड़ रही। 500 से अधिक विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया गया। इस कारण विवि परिसर में संचालित बीटेक, बीफार्मा, बीए इकोनॉमिक्स, एमए साइकोलॉजी, एमए दर्शनशास्त्र आदि पाठ्यक्रमों के परीक्षा फॉर्म भरने में रुकावट आई।
समर्थ और विवि पोर्टल पर दोबारा उपलब्ध होंगे परीक्षा फॉर्म -
परीक्षा से संबंधित विभिन्न समस्याओं के मद्देनजर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव ने परीक्षा फॉर्म भरने व जमा करने की तिथि विस्तारित की है। उनकी ओर से जारी पत्र के मुताबिक, अभी परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि रविवार तक है। इसके बाद एक और अवसर दिया जाएगा। विवि के परीक्षा पोर्टल पर दोबारा परीक्षा फॉर्म उपलब्ध होने की तिथि 26 अक्तूबर व समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध होने की तिथि 28 अक्तूबर है, जबकि दोनों पटलों पर फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 29 अक्तूबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को 30 अक्तूबर तक संबंधित विभागों में ये फॉर्म जमा करना होगा। वहीं, महाविद्यालय को ऑनलाइन सत्यापन 31 अक्तूबर तक करना होगा।
कॉलेज से नहीं हुआ तो पहुंचे विवि - मेरा फॉर्म एमए तृतीय सेमेस्टर का है। इसमें हुईं गलतियां न हमारे स्तर से, न ही कॉलेज स्तर से ठीक हो रही हैं। अब विवि के समर्थ कार्यालय पहुंची हूं। - निशु, छात्रा, अवंतीबाई महिला महाविद्यालय
- मेरे पास तृतीय सेमेस्टर में इतिहास का सोशल, कल्चरल एंड इकोनॉमिक हिस्ट्री ऑफ मिडिवल इंडिया के स्थान पर हिस्ट्री ऑफ मॉडर्न वर्ल्ड होना चाहिए। गलती के कारण पंचम वर्ष का फॉर्म भरने में समस्या आ रही है। - लवी सिंह, छात्रा, बरेली कॉलेज
- बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हूं। मैंने जिन विषयों को परीक्षा फॉर्म में भरा था, उनके स्थान पर दूसरे विषय दिख रहे हैं। संशोधन कराने के लिए दूसरी बार विवि आना पड़ा। - राखी, मां वैष्णो महिला महाविद्यालय