बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली इंटर कॉलेज में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। वहीं, बरेली कॉलेज में परीक्षाएं भी चल रही थीं। जानकारी के अभाव में कई परीक्षार्थी दिनभर परिसर में प्रवेश के लिए रास्ता ढूंढते रहे।
सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए कॉलेज में दोपहर 12 बजे तक ही कक्षाएं लगाई गईं। इसी समय में परीक्षा फॉर्म भी जमा हुए। पहली पाली में परीक्षार्थियों ने पूर्वी और पश्चिमी गेट से परिसर में प्रवेश किया। दूसरी और तीसरी पाली में विद्यार्थियों को स्वीमिंग पूल वाले रास्ते से कॉलेज में प्रवेश करना पड़ा। जिन विद्यार्थियों को व्यवस्था में बदलाव की जानकारी नहीं थी, वे खासे परेशान हुए।
दोनों मुख्य द्वारों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश देने से मना कर दिया। कई विद्यार्थी जो कालीबाड़ी वाले गेट पर पहुंचे थे, उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए श्यामगंज और रामपुर गार्डन होते हुए विकास भवन मार्ग स्थित कॉलेज के स्वीमिंग पूल वाले गेट तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई विद्यार्थी परीक्षा कक्ष में देरी से पहुंचे। दरअसल, कार्यक्रम के कारण सुबह 10 बजे के बाद पूर्वी और पश्चिमी गेट पूरी तरह से बंद कर दिए गए थे। इनसे वीआईपी अतिथि ही प्रवेश कर रहे थे।
-
प्रवेशपत्र पर लिखकर लाया नकल, पकड़ा गया छात्र
बरेली। बरेली कॉलेज में मंगलवार को स्नातक की परीक्षा के दौरान एक नकलची पकड़ा गया। मुख्य नियंता प्रो. आलोक खरे ने बताया कि दूसरी पाली की परीक्षा में विज्ञान ब्लॉक के कक्ष में अंग्रेजी विषय की परीक्षा दे रहे बीए प्रथम वर्ष के छात्र को प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने नकल करते पकड़ा। वह प्रवेश पत्र के पीछे नकल लिखकर लाया था। टीम ने उसे अनुचित साधनों के प्रयोग में बुक कर दिया। परीक्षार्थी की कॉपी और नकल सामग्री जब्त कर उसे नई उत्तर पुस्तिका दी गई। इसकी जानकारी कॉलेज ने विश्वविद्यालय को भी दी है। संवाद