बरेली। नवाबगंज ब्लॉक के विद्यालयों में भी छात्र-शिक्षक अनुपात बिगड़ा हुआ है। ब्लॉक के 13 विद्यालयों में यह न्यूनतम एक अनुपात दो, जबकि अधिकतम एक अनुपात चार है। पूरे ब्लॉक में 222 विद्यालय हैं। इनमें 149 प्राथमिक, 48 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 25 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। ब्लॉक भर में नामांकित 19,794 विद्यार्थियों के लिए 996 शिक्षक और शिक्षामित्र व 1,028 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी तैनात हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, 10 विद्यार्थियों से कम वाले दो उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दो-दो शिक्षक तैनात हैं। 11 विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें छात्र-शिक्षक अनुपात अधिकतम एक अनुपात चार है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि ब्लॉक में कुछ विद्यालय ऐसे हैं, जहां एक समय पर बच्चों की अच्छी संख्या हुआ करती थी। जरूरत के अनुसार शिक्षकों को भी वहां भेजा गया, लेकिन समय के साथ नामांकन घट गया। शिक्षक वहीं रहे। इसी कारण यह असमानता देखने को मिल रही है। हालांकि, बीते दिनों कुछ शिक्षकों व शिक्षामित्रों का समायोजन हुआ है।
विद्यालय विद्यार्थी शिक्षक
उच्च प्रा. वि. मधुकरपुर कचना 7 2
उच्च प्रा. वि. मझैना जागीर 5 2
प्रा. वि. कचनेरा 5 2
प्रा. वि. गौटिया हरदुआ 4 2
प्रा. वि. गौटिया लाडपुर 8 3
प्रा. वि. गौटिया लावन खेड़ा 8 2
प्रा. वि. गौटिया पचपेरा 7 2