बरेली के लोटस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज के प्रबंधक अभिषेक अग्रवाल को उनके ही ऑफिस में घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें बरेली के एसआरएमएस हॉस्पिटल भेजा गया है।
बरेली के फरीदपुर स्थित लोट्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल को बुधवार दोपहर उनके कॉलेज परिसर स्थित ऑफिस में गोली मार दी गई। गोली उनके दाहिने गाल को रगड़ते हुए निकल गई। भोजीपुरा मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर है।
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपी की पहचान बीफार्मा के छात्र श्रेष्ठ सैनी के रूप में हुई है। उसे मोबाइल लाने पर कॉलेज के कर्मचारी से अभद्रता के आरोप में निलंबित किया गया था। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने उसके परिजनों को बैठाया है।
ऐसे बची जान
लखनऊ-बरेली नेशनल हाईवे पर केसरपुर के पास लोट्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्थित है। बुधवार दोपहर कॉलेज के चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल अपने दफ्तर में बैठे थे। तभी बीफार्मा के छात्र श्रेष्ठ सैनी ने तमंचे से उन्हें गोली मार दी। गनीमत रही कि ऐन वक्त पर उन्होंने गर्दन घुमा ली।
गोली उनके दाहिने गाल को रगड़ते हुए निकल गई। अभिषेक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोपी छात्र कॉलेज की बाउंड्री फांदकर फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर स्टाफ के लोग चेयरमैन के दफ्तर की तरफ दौड़े।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
सूचना पर फरीदपुर सीओ गौरव सिंह व इंस्पेक्टर दयाशंकर पुलिस टीम के साथ कॉलेज पहुंच गए। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल भी आ गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया व सीसीटीवी कैमरे खंगाले। चेयरमैन के ऑफिस की तरफ लगे कैमरे काफी समय से खराब मिले। बाउंड्रीवाल व मेन गेट के कैमरे चालू मिले। बिल्डिंग के पीछे बाउंड्रीवाल की तरफ के कैमरे में आरोपी गोली मारने के बाद दोपहर 1:04 बजे भागता दिखाई दे रहा है।
कॉलेज के अंदर छात्र को देख गार्ड विजय मिश्रा ने उससे पूछा कि कॉलेज के अंदर कैसे आया। आरोपी बहानेबाजी करके वहां से निकल गया और तीन मिनट बाद बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गया। एसपी देहात ने बताया कि छात्र की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखी जाएगी।