बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में छात्र नेता ने अपनी सहपाठी छात्रा का अभद्र टिप्पणी लिखकर फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर दिया। विरोध करने पर छात्रा को धमकाया। आरोप है कि एक छात्र संगठन से जुड़े होने की वजह से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
छात्रा ने मंगलवार को चीफ प्रॉक्टर को शिकायतीपत्र दिया। कहा कि सहपाठी छात्र ने शिक्षण गतिविधियों की सूचना वाले कक्षा के ग्रुप पर उसकी फोटो अभद्र टिप्पणी के साथ पोस्ट कर दी। आरोप है कि छात्र व उसके साथी पूर्व में भी इस तरह की टिप्पणी कर चुके हैं। उनके विवि में मारपीट करने के मामले भी आते रहते हैं। विभाग में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विभागीय प्रॉक्टर ने शिकायत करने पर छात्रा को डांटा और सुलह करने के लिए कहा। इससे परेशान होकर छात्रा ने इसकी सूचना परिजनों को दी। प्रॉक्टर ने परिजनों को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। छात्रा का कहना है वह इन हरकतों से काफी परेशान है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन छात्रा को दिया है। संवाद