बरेली। खुद को छात्र नेता बताने वाले महाकाल सेना के अध्यक्ष अनिकेत शर्मा उर्फ लल्ला ने दो माह पहले बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से महिला के खोखे को हटवा दिया। आरोप है कि वहां अपना जूस का स्टॉल लगा लिया। महिला ने अब बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चनेहटा निवासी शांति देवी ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि वह बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट पर खोखा लगाकर कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल आदि बेचती हैं। संजयनगर निवासी लल्ला उर्फ अनिकेत ने 27 अप्रैल को तोड़फोड़ कर उनके खोखे से सारा सामान निकाल लिया। उनका खोखा हटाकर अपना जूस का स्टॉल लगा लिया। आरोप लगाया कि अब अनिकेत जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएसपी के आदेश पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यह कोई पहला मामला नहीं, जबकि महिला ने छात्र नेता के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। दो दिन पहले डौली नाम की युवती का फूड स्टॉल छात्र नेताओं ने दबंगई से हटा दिया था। आरोप है कि इस मामले में स्टॉल संचालिका के भाई की पिटाई भी की गई। फिर उल्टा युवती के खिलाफ ही बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। युवती के मुताबिक, वह कई जगह तहरीर दे चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने अंदर से बाहर तक लगाईं दुकानें
छात्र हित की आड़ में छात्र संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारियों ने बरेली कॉलेज गेट पर इंटरनेट कैफे, फूड स्टॉल व फोटोस्टेट शॉप जमा रखी है। वह मामूली बात पर झगड़ा व मारपीट कर बैठते हैं। आरोप तो यहां तक है कि कॉलेज के अंदर की कैंटीन भी बिना किसी ठेके के छात्र संगठन के पदाधिकारी ही संचालित करा रहे हैं। इसमें कॉलेज के एक जिम्मेदार शख्स व कुछ कर्मचारियों का हित भी साधा जा रहा है।
नामजद अनिकेत शर्मा ने आरोपों पर सफाई दी। कहा कि मामूली कहासुनी का मामला काफी पुराना है। कुछ लोगों ने शांति देवी को भड़का दिया था तो उनके खिलाफ तहरीर दे दी। उन्हें पता लगा तो शांति देवी से बात की। शांति देवी ने तत्काल समझौता लिखकर दे दिया, जिसे श्यामगंज चौकी में जमा कर दिया है। पुलिस ने जानबूझकर उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखी है। बताया कि उनका केवल फूड स्टॉल है। जूस की दुकान उनके परिचित की है।
कैंटीन अवैध रूप से नहीं चल रही है, एक रिटायर्ड कर्मचारी उसे चला रहा है। कभी-कभी लड़ाई-झगड़े होते हैं। पिछले दिनों हुए झगड़े की सूचना एसएसपी को लिखकर दे चुके हैं। जल्द ही कॉलेज का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिलेगा। - डॉ. इंदीवर सिंह, चीफ प्रॉक्टर
बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट पर लगे स्टॉल की वैधता जांचने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा। अवैध स्टॉल हटवाए जाएंगे। जो इसके बाद भी स्टॉल लगाएगा या दबंगई करेगा तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - शिवम आशुतोष सिंह, एएसपी