भागते वक्त गिरा एक वोटर कार्ड, भरतौल गांव का होने की पुष्टि
बरेली। जाट रेजिमेंट सेंटर के प्रतिबंधित इलाके में रात में फेंसिंग काटकर तीन लोगों ने घुसने की कोशिश की। पहरे पर मौजूद सेना के जवान ने उन्हें देख ललकारा तो तीनों भाग निकले। जेआरसी के कमांडिंग ऑफिसर की ओर से थाना कैंट में एफआईआर दर्ज कराई गई है। भागते वक्त एक व्यक्ति का वोटर कार्ड भी मौके पर गिर गया जिससे उसके भरतौल निवासी होने की पुष्टि हुई है।
चीन के साथ बढ़ते तनाव की वजह से सैन्य क्षेत्रों में कड़ी निगरानी हो रही है। रविवार रात जाट रेजिमेंट सेंटर में चौंकाने वाली घटना हुई। जेआरसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन अनुराग त्रिपाठी की ओर से कैंट पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि शुक्रवार रात भरतौल में सेना की सुरक्षा चौकी पर पहरा दे रहे संतरियों में से एक ने सैन्य क्षेत्र में तीन लोगों को देखा जो सीलिंग एरिया में लगी फेंसिंग को काटने की कोशिश कर रहे थे। संतरी उनकी ओर दौड़ा तो तीनों लोग भाग निकले।
कमांडिंग ऑफिसर के मुताबिक इसके बाद सेना के जवानों को लगाकर इस क्षेत्र में सघन छानबीन कराई गई तो वहां एक वोटर आईडी कार्ड मिला जिस पर अमरजीत पुत्र कमलेश निवासी भरतौल दर्ज है। पुलिस ने वोटर आईडी के आधार पर अमरजीत और दो अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि इसमें आरोप चोरी की कोशिश का है। इंस्पेक्टर कैंट धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका मकसद क्या था।