महंत व किसानों को आश्वासन देकर एसडीओ ने समाप्त कराया अनशन
बिशारतगंज। सिंचाई के लिए नियमित बिजली नहीं मिलने के विरोध में बुधवार को महंत योगी विजय देव नाथ ने क्षेत्रीय लोगों के साथ बिशारतगंज के अंटुआ उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया। सूचना पर पहुंचे एसडीओ ने महंत से बात कर किसानों को शेड्यूल के अनुसार बिजली देने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद महंत ने किसानों से परामर्श के बाद अनशन खत्म कर दिया।
किसानों का कहना है कि कम वर्षा के कारण धान सहित अन्य फसलें सिंचाई के कारण प्रभावित हो रही हैं। अंटुआ उपकेंद्र पर पिछले 15 दिन से विद्युत आपूर्ति बाधित चल रही है। कृषि फीडर पर किसानों को बमुश्किल चार से पांच घंटे आपूर्ति मिल पा रही है। उपकेंद्र की एक मशीन खराब पड़ी है।
किसानों की अगुवाई करते हुए महंत ने उपकेंद्र पर अनशन शुरू कर दिया, जिसमें गांव रुटिया, भिण्डौरा, चंजरी बालकिशनपुर, साहसा, गिदौली, शिवनगर एवं अन्टुआ आदि के किसान पहुंचे। सूचना पर एसडीओ अलीगंज संजीव कुमार भास्कर मौके पर पहुंचे और महंत से बात की। खराब मशीन को जल्द सही कराने की बात कहीं। इस मौके अरमान खान, सद्दाम खान, प्रधान मुख्तयार, रिजवान खान, आदेश मौर्य, आदेश सिंह, अशोक कुमार, वसीम खान, कमल पाठक, रामवीर, जुगैन्दर, सर्वेशपाल, विजय राना आदि किसान मौजूद रहे। संवाद