शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व होने से टेंशन में था पुलिस प्रशासन
विज्ञापन
एसएसपी ने माता-पिता के साथ किए सातों नाथों के दर्शन
बरेली। महाशिवरात्रि पर शिवालयों समेत शहर के सातों नाथ मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। कई जगह पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात रही। अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर व्यवस्था पर निगाह रखे रहे।
एनआरसी और सीएए को लेकर देश भर में खराब हुए माहौल के बीच महाशिवरात्रि का पर्व पुलिस प्रशासन के लिए खासी टेंशन भरा था। इसके लिए अधिकारियों ने खासी तैयारियां की थीं। पुलिस ने थानों में पीस कमेटी की बैठकें कर लोगों ने गिले शिकवे दूर करने का प्रयास किया था। इसी का नतीजा रहा कि जुमे की नमाज और शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई। शहर से देहात तक अधिकारी भ्रमण करते रहे। कमिश्नर रणवीर प्रसाद के साथ डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने दोपहर में धोपा मंदिर समेत कई शिवालयों में व्यवस्थाएं देखीं। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पिता नागनारायण पांडेय और मां मालती पांडेय के साथ सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक किया। एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी ट्रैफिक, एसपी क्राइम और एएसपी भी अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर जायजा लेते रहे। जलाभिषेक के साथ ही जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो जाने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
शोभायात्रा निकली तो लगा जाम
बरेली। शुक्रवार को शिव मंदिरों के आसपास के इलाकों को छोड़कर बाकी शहर में अपेक्षाकृत शांति थी। मार्केट कम खुला था तो सड़क पर लोगों की भीड़ भी आम दिनों से कम थी। जाम नहीं लगा तो कहीं डायवर्जन की भी जरूरत नहीं पड़ी। गिहार बस्ती से एक शोभायात्रा निकली तो चौपुला चौराहे पर दोपहर के वक्त जाम लग गया। हालांकि थोड़ी देर बाद रोड खुल गया। अलखनाथ मंदिर पर भीड़ की वजह से किला रोड पर गहमागहमी रही। ब्यूरो