भोजीपुरा। क्षेत्र पंचायत की बैठक में शोर-शराबे के बीच विकास कार्यों के 78 प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किए गए। क्षेत्र पंचायत निधि से हर गांव में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। बैठक में आए विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को सांसद छत्रपाल गंगवार ने सरकार द्वारा दिए जाने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की नसीहत दी।
भोजीपुरा क्षेत्र पंचायत की बैठक दोपहर 12 बजे शुरू हुई। बैठक में बीडीओ कौशल कुमार गुप्ता ने कार्रवाई को पढ़कर सुनाया। सदन ने ध्वनिमत से पुष्टि की। इसके साथ ही सदस्यों ने स्ट्रीट लाइटें लगवाए जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को भी सदन ने स्वीकृति प्रदान कर दी। सदस्यों ने नाले, नालियों, खड़ंजों के निर्माण के अलग अलग प्रस्ताव रखे। सदन ने सभी प्रस्तावों को ध्वनि मत से पारित कर दिया।
बैठक में एडीओ पीपीएस रूपकिशोर गंगवार ने धान, गन्ना के रोगों और रोकथाम के उपायों पर चर्चा की। सांसद छत्रपाल गंगवार ने एडीओ व बिलवा प्रसार केंद्र से आए अधिकारी से कहा कि पात्र किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिलवाएं।एडीओ कोऑपरेटिव मोहम्मद तबरेज बोलने के लिए खड़े हुए, तब सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदस्यों का कहना था किसानों को खाद के साथ नैनो यूरिया जबरन थोपी जाती है।
एसडीओ ने सभी सचिवों को निर्देश दिया गया कि नैनो यूरिया जबरन न थोपें। ब्लाॅक प्रमुख योगेश पटेल ने बैठक में आए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन ग्राम पंचायत संघ प्रांतीय मंत्री जितेंद्र सिंह गंगवार ने किया। संवाद