कई लोग हुए घायल, चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, पुुलिस ने हटवाए पत्थर
बरेली। बारादरी के सहसवानी टोला में वीडियो वायरल करने की धमकी देने पर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने पथराव कर दिया। सूचना पर चीता मोबाइल और यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पड़े पत्थर हटवा दिए। देर रात सीओ श्वेता यादव और इंस्पेक्टर नरेश मलिक भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस मामले में सलीम की ओर से दूसरे पक्ष के राहुल गुप्ता, सौरभ, बिल्ला और अत्तू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सहसवानी टोला में कब्रिस्तान के पास राहुल गुप्ता फास्ट फूड का ठेला लगाता है। मंगलवार रात साढ़े नौ बजे मोहल्ले का ही सलीम वहां पहुंचा तो राहुल ने उसे मोबाइल पर एक वीडियो क्लिप दिखाई। वीडियो किसी लड़की के साथ का था। राहुल ने वीडियो वायरल करने की बात कही तो दोनों में विवाद हो गया। इस पर सलीम ने अपने दोस्तों की मदद से राहुल की पिटाई कर दी। उस वक्त कुछ लोगों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव करा दिया।
आरोप है कि एक घंटे बाद राहुल अपने तीन साथियों को लेकर सलीम के घर पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर इन लोगों ने सलीम की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। शोर सुनकर उसका बेटा बाहर आया तो उसे भी पीट। इसके बाद राहुल और उसके साथियों ने पथराव कर दिया। इसी बीच किसी ने यूपी-112 को फोन से सूचना दे दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन इससे पहले ही हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल सलीम और उसके बेटे को जिला अस्पताल भेजा। इंस्पेक्टर बारादरी नीरज मलिक ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सहसवानी टोला में अक्सर होते हैं विवाद
शहर का सहसवानी टोला अतिसंवेदनशील इलाका है। दरअसल मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में सड़क के एक ओर सहसवानी टोला और दूसरी ओर जगतपुर का पनवड़िया मुहल्ला है। यहां छोटे से छोटा विवाद भी अक्सर बड़ा रूप ले लेता है। यहीं वजह है कि पुलिस भी यहां हर विवाद को गंभीरता से लेती है। वर्ष 2012 में हुए दंगे में यहां तत्कालीन जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश का उपद्रवियों ने घेर लिया था।
बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें जेल भेजा जाएगा। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी