रामगंगानगर पुलिस चौकी के पीछे अवशेष मिलने पर भड़के ग्रामीण
बरेली/बिथरी चैनपुर। पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने में व्यस्त है तो पशु तस्करों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बिथरी क्षेत्र के गांवों से पशु चोरी कर काटे जा रहे हैं। चंदपुर बिचपुरी से प्रतिबंधित पशु चुराकर रामगंगानगर चौकी के पीछे खेत में काट लिए गए। शुक्रवार सुबह लोगों ने अवशेष पड़े देखे तो हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने जांच के बाद अवशेष मिट्टी में दबा दिए। अज्ञात तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
लॉकडाउन में भी पशु तस्करों ने चंदपुर बिचपुरी गांव से तीन दिन पहले पवन त्रिवेदी के घर के बाहर बंधी गाय रात में चुरा ली। गुरुवार रात पशु तस्कर फिर गांव में घुसे और देशराज के घर के बाहर बंधी एक गाय और बछड़ा चुरा ले गए। तस्करों ने रात में ही रामगंगानगर कॉलोनी के सी ब्लॉक के पीछे दोनों पशुओं को काट लिया और मांस वाहनों में भरकर ले गए। अवशेष वहीं छोड़ गए। सुबह लोगों ने अवशेष पड़े देखे तो उनमें रोष फैल गया। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री राजेंद्र कनौजिया मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। पुलिस ने परीक्षण कराने के बाद अवशेषों को मिट्टी में दबवा दिया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि स्थानीय युवक मुकेश कुमार की ओर से अज्ञात तस्करों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तस्करों की तलाश की जा रही है।