बरेली। बिहारीपुर, सिटी सब्जी मंडी, एक मीनार मस्जिद और मलूकपुर इलाके में बदबूदार पानी की आपूर्ति से 500 परिवार परेशान हैं। एक महीने से गंदा पानी आ रहा है। जिनके घर में सबमर्सिबल पंप या हैंडपंप लगे हैं, उनका तो काम चल जाता है। अन्य लोग पड़ोसियों के घर से पानी ले रहे हैं।
वार्ड एक की पार्षद संतोष कुमारी कश्यप ने बताया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में बुधवार को उन्होंने यह मुद्दा उठाया था। तब जलकल के अभियंताओं ने आश्वासन दिया कि वे जल्दी ही इसे ठीक कराएंगे पर अभी तक कोई नहीं आया। एक-दो दिन इंतजार के बाद अपने वार्ड की जनता को साथ लेकर नगर निगम में धरना दूंगी। उन्होंने यह भी बताया कि जलकल के अभियंताओं से फोन पर लगातार बातचीत हो रही है पर कोई अभियंता हमारी परेशानी को देखने तक नहीं आया। इसीलिए बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाना पड़ा। अब आंदोलन का ही विकल्प बचता है।
सीवर लाइन के काम चल रहे हैं। इसके कारण दिक्कत हो सकती है। यह मामला आज ही मेरे संज्ञान में आया है। मैं टीम भेजकर पाइप लाइन चेक कराउंगा और स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। - सौरभ श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता, जलकल
पड़ोसियों से ले रहे पानी
एक महीने से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। पड़ोसियों से पानी लेना पड़ता है। - सपना कश्यप
पानी इतना गंदा आता है कि पीने की बात छोड़िए, कोई कुल्ला भी नहीं कर पाएगा। - आशारानी
मैंने गंदा पानी भरकर पार्षद को दिखाया। वीडियो बनाकर दिया ताकि वे कार्रवाई कराएं। - संगीता स्याल
-
गली में भरा सीवर का गंदा पानीफोटो
बिहारीपुर में सीवर लाइन का गंदा पानी गली में भरा है। एक घर में पानी घुसने से बदबू भरा माहौल है। आवागमन में दिक्कत हो रही है। पार्षद ने बताया कि एक महीने से यही हाल है। अतिक्रमण के चलते जलनिकासी बाधित हो रही है। नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाए तो लोगों को जलभराव से राहत मिल सकती है।