बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के प्रेमी युगल को कचहरी में वकील के चैंबर में देखकर युवती की मां और परिवारवाले भड़क गए। उन्होंने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी और बेटी को साथ ले जाने की कोशिश की। कोतवाली पुलिस मौके से इन्हें ले गई, फिर इज्जतनगर पुलिस के हवाले कर दिया।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव की युवती और पड़ोसी गांव खेड़े का युवक आपस में प्रेम करते थे। युवती बुधवार रात तीन बजे छत से कूदकर प्रेमी के पास चली गई थी। दोनों बृहस्पतिवार दोपहर कोर्ट मैरिज करने कचहरी आए थे। इधर, भनक लगने पर युवती की मां भी परिजनों के साथ कचहरी आ गई। वकील के चैंबर में दोनों को देखकर वह आगबबूला हो गई। उसने युवक को चप्पलों से पीट दिया। इससे हंगामा होने लगा। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने हंगामा करने वालों को हिरासत में ले लिया। फिर इन्हें इज्जतनगर थाने की बैरियर टू चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
युवती की मां ने कराई रिपोर्ट
- युवती की मां ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट कराई है कि उनकी बेटी नाबालिग है। रात में आरोपी छोटेलाल और उसके साथी जबरन बेटी का अपहरण कर ले गए। एक आरोपी को उन्होंने पकड़ भी लिया। बाकी ने जाते समय जान से मारने की धमकी दी है। बैरियर टू चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।