फतेहगंज पश्चिमी। गांव माधौपुर में दुकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए।
गांव के बाहर हाईवे पर ओवरब्रिज के पास सोमपाल की एक दुकान थी। इसको उन्होंने पांच वर्ष पहले गांव के ही बाइक मैकेनिक राजाबाबू को किराये पर दे दी थी। करीब एक साल पहले दुकान को गांव के ही मुकेश राजपूत, उनके भाई राजेश राजपूत को बेच दी गई। तब मुकेश ने दुकान को खाली करने के लिए कहा। किरायेदार राजाबाबू ने पांच साल का एग्रीमेंट पूरा होने पर ही दुकान खाली करने की बात कही।
इस पर मुकेश ने दो दिन पहले दुकान का सामान बाहर रखवा दिया। इसको लेकर शनिवार को दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें मुकेश, राकेश और दूसरे पक्ष से राजाबाबू की मां, बहन घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है। हालत गंभीर होने पर मुकेश को जिला अस्पताल रेफर किया है। मुकेश ने कार तोड़ने व जेब से 20 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। संवाद