बरेली के देवचरा में एक इंटरनेट कैफे पर फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का खेल चल रहा था। शिकायत मिलने पर एसटीएफ की टीम ने छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ की अयोध्या यूनिट ने बरेली एसटीएफ के साथ बदायूं रोड स्थित देवचरा के दिलजीत इंटरनेट कैफे पर छापा मारा। टीम ने यहां से खेड़ा गांव निवासी देव कुमार और रवि कुमार नाम के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 26 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और पांच मृत्यु प्रमाणपत्र मिले। टीम ने उनके दो लैपटॉप, प्रिंटर और आदि सामान जब्त कर लिया।
विज्ञापन
टीम इन दोनों को भमोरा थाने ले आई। यहां दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दोनों भाई काफी समय से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने का धंधा कर रहे हैं। इसके जरिए यह लोगों से मनमानी रकम वसूलकर उन्हें उनकी मनचाही तारीख का प्रमाण पत्र थमा देते हैं। भमोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।