साल की बची छुट्टियों को खपाने का महीना आ गया है। बाहर घूमने का प्लान बना रहे लोगों ने पूरी तैयारी कर ली है। ट्रेवल एजेंसी वाले भी इतने व्यस्त हैं कि उनको अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती करनी पड़ी है। इस बार धार्मिक स्थलों पर जाने का क्रेज लोगों में ज्यादा दिख रहा है। ट्रेवल एजेंसी वालाें के चेहरे खिले हुए हैं। उन्हें उम्मीद है कि जीएसटी के बाद यह पहला मौका होगा जब अच्छा बिजनेस होगा।
स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां 25 दिसंबर से शुरू हो जाएंगी। एक जनवरी के बाद मौसम ज्यादा सर्द हुआ तो जिला प्रशासन भी छुट्टी देने को मजबूर हो जाएगा। ऐसे में लोग पांच से छह दिन की छुट्टी प्लान करके चल रहे हैं। 25 दिसंबर को सोमवार है जबकि इससे पहले 23 को शनिवार और 24 को संडे है। इसी तरह 30 को शनिवार और 31 को रविवार की छुट्टी है। अधिकतर कार्यालयों में एक जनवरी यानी नये साल के दिन भी छुट्टी होती है। ऐसे में तीन दिन तक खूब मजे रहेंगे। हॉली डे पैकेज की बुकिंग करने वाले पर्ल हॉली डे के संचालक ने बताया कि उनके यहां नवंबर से ही बुकिंग के लिए कॉल आने लगीं थीं। पैकेज बुकिंग की अधिक डिमांड है। ट्रेवल एजेंसियाें के मुताबिक, सबसे अधिक मांग धार्मिक स्थल और हिल स्टेशन की है।
जीएसटी से नुकसान हुआ, अब पूरा होने की उम्मीद
चौपुला स्थित कपूर एजेंसी के ऋषि कपूर बताते हैं कि लोगों में हर साल दिसंबर में घूमने का क्रेज ज्यादा रहता है। जीएसटी की वजह से काफी नुकसान हुआ, लेकिन जिस तरह से बुकिंग हो रही है, उससे यह नुकसान पूरा हो जाएगा। ऋषि बताते हैं कि ऑर्डर आने से वर्किं ग बढ़ गई है। इस बार धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए अधिक लोग आ रहे हैं। ट्रेवल एजेंसी चलाने वाले दीपक गुप्ता ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल 20 फीसदी अधिक बुकिंग हुई है। लोग शिमला और कश्मीर की जगह छोटे-छोटे हिल स्टेशन जाने की डिमांड कर रहे हैं। टूर एंड ट्रेवल्स के जावेद बताते हैं कि नोटबंदी की वजह से पिछले साल बुकिंग काफी घट गई थी। इस बार बुकिंग ठीक हो रही है।
यहां की बुकिंग अधिक
उज्जैन महाकालेश्वर, गढ़ मुक्तेश्वर, कौसानी, जयपुर, जागेश्वर, तिरुपति, गोवा, उत्तराखंड और हिमाचल के हिल स्टेशन