बरेली। बरेली बार एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं की सहूलियत के लिए कराए जा रहे 100 चैंबरों के निर्माण का एडवोकेट बार एसोसिएशन ने विरोध शुरू कर दिया है।
कचहरी परिसर में वकीलों के सामने चैंबर्स न होना बड़ी समस्या है। पिछले महीनों सीडीओ आवास के पास वकीलों के चैंबर्स पर नगर निगम ने बुलडोजर चलवा दिया था। इसके बाद बरेली बार ने अधिवक्ताओं के लिए चैंबरों का निर्माण कराने का निर्णय लिया। कचहरी स्थित डाकखाना के पास पिछले दिनों ही 100 चैंबरों का निर्माण शुरू कराया गया था। इनका आवंटन 400 अधिवक्ताओं को किया जाना है। काफी संख्या में आवेदन भी आ चुके हैं। एडवोकेट बार का आरोप है कि चैंबर निर्माण संबंधी प्रस्ताव बार की कार्यकारिणी में पास नहीं कराया गया।
शुक्रवार को एडवोकेट बार के कई पदाधिकारी निर्माण स्थल पहुंचे और विरोध करने लगे। बरेली बार के पदाधिकारी भी आ गए। कुछ देर दोनों पक्षों के बीच बात भी हुई। एडवोकेट बार के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी का दावा है कि निर्माण विधि और नियमानुसार नहीं कराया जा रहा। वहीं बरेली बार के सचिव दीपक पांडेय का कहना है कि निर्माण विधि अनुसार है। इससे तमाम अधिवक्ता साथियों को विधि व्यवसाय में आसानी होगी। बरेली बार चैंबर्स निर्माण कराने को लेकर कटिबद्ध है।